‘war 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ऋतिक रोशन के एक्शन और कियारा आडवाणी के जबरदस्त स्टंट्स ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया, वहीं Jr NTR के लुक और VFX पर मिलेजुले रिएक्शन आ रहे हैं।
‘war 2’ का ट्रेलर: ऋतिक रोशन और कियारा का एक्शन-रोमांस, Jr NTR पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया
आखिरकार लंबे इंतजार के बाद ‘war 2’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर दर्शकों के सामने आ गया है। यशराज फिल्म्स और अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ट्रेलर के पहले ही फ्रेम से दर्शकों का दिल जीतने की कोशिश की है। 2019 की सुपरहिट फिल्म ‘वॉर’ के बाद यह सीक्वल फिर से ऋतिक रोशन को मेजर कबीर धालीवाल के दमदार किरदार में लेकर आ रहा है। इस बार उनके साथ टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर (Jr NTR) हैं, जो एक स्पेशल यूनिट ऑफिसर और घातक टर्मिनेटर के रूप में नज़र आते हैं।
कहानी की झलक और ऋतिक का धमाका
ट्रेलर की शुरुआत होती है ऋतिक रोशन के एंट्री सीन से, जहां वे अपनी पहचान और परिवार छोड़कर एक ‘शैडो’ बनने की शपथ लेते हैं। उनके साथ एक वुल्फ चलता है, जो ट्रेलर में उनके किरदार की रहस्यमय ताकत का प्रतीक बनता है। कबीर धालीवाल की यह वापसी साफ कर देती है कि वह इस बार पहले से भी ज्यादा घातक और स्मार्ट हैं।
ट्रेलर में कियारा आडवाणी का किरदार एक सुखद सरप्राइज देता है। वह सिर्फ ऋतिक की लव इंटरेस्ट नहीं बल्कि खुद एक ट्रेंड सोल्जर के रूप में नजर आ रही हैं। फैंस ने ट्रेलर के एक सीन में उनकी आर्मी यूनिफॉर्म और बैज पर ध्यान दिया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कियारा का रोल RAW जॉइंट सेक्रेटरी कर्नल सुनील लूथरा (अशुतोष राणा) की बेटी का है।
कियारा-ऋतिक की कैमिस्ट्री और फाइट सीन
ट्रेलर में कियारा और ऋतिक की कैमिस्ट्री काफी प्रभावी लगती है। उनके बीच का पैशन और रोमांस दर्शकों को गहराई से जोड़ लेता है। एक रोमांटिक किस सीन के बाद अचानक दोनों के बीच एक हाई-वोल्टेज फाइट सीन दिखता है, जो वाकई रोमांचित कर देता है। कियारा का एक्शन अवतार और उनकी मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया है।
Jr NTR पर उठे सवाल
हालांकि, फैंस का उत्साह Jr NTR को लेकर थोड़ा फीका पड़ता नजर आया। कुछ यूजर्स का मानना है कि उनका लुक और एक्शन ऋतिक के सामने फीका लगता है। कुछ ने लिखा कि उनका VFX बॉडी शॉट वीडियो गेम जैसा लगता है और इसमें ज्यादा वास्तविकता नहीं है। एक यूजर ने कमेंट किया, “Jr NTR लुक्स अ कंप्लीट मिसफिट। कोई आभा नहीं, बस ओवरएक्टिंग।”
फैंस का war 2 ट्रेलर पर रिएक्शन
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर #War2Trailer ट्रेंड करने लगा। कई यूजर्स ने इसे “ट्रेलर नहीं, तांडव है” कहकर तारीफ की। एक ने लिखा, “ऋतिक का एक्शन और गीता श्लोक वाली डायलॉग डिलीवरी गजब है। ट्रेलर ने रोंगटे खड़े कर दिए।” वहीं कुछ फैंस VFX को लेकर निराश भी नजर आए। “इतने बड़े बजट की फिल्म में VFX साधारण लग रहे हैं,” एक यूजर ने लिखा।
कहानी में जुड़े ‘अल्फा’ के किरदार
खास बात यह है कि फिल्म के ट्रेलर में शारवरी वाघ और आलिया भट्ट की फिल्म ‘अल्फा’ के किरदारों के संकेत भी दिए गए हैं। इससे साफ है कि यशराज स्पाई यूनिवर्स इस फिल्म के जरिए अपने सिनेमैटिक यूनिवर्स को और बड़ा बनाने की तैयारी में है।
रिलीज डेट और उम्मीदें
‘war 2’ 14 अगस्त 2025 को इंडिपेंडेंस डे वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु में भी रिलीज होगी। फैंस को उम्मीद है कि ऋतिक और कियारा की नई जोड़ी, दमदार एक्शन और अयान मुखर्जी का निर्देशन इस फिल्म को साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बना देगा।
यह भी पढें..Uorfi Javed ने 9 साल बाद हटवाया लिप फिलर, दर्द में कराहती दिखीं; कहा- अब कराऊंगी नेचुरल ट्रीटमेंट
