r madhavan reveals secret of happy married life after 26 years : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता R. Madhavan इन दिनों अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर काफी चर्चा में हैं। अपनी शानदार एक्टिंग और सादगी भरे व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले माधवन ने हाल ही में शादीशुदा रिश्तों को लेकर ऐसी बात कही, जिससे कई लोग खुद को जोड़कर देख रहे हैं। अभिनेता ने अपनी पत्नी सरिता बिर्जे के साथ 26 साल का खूबसूरत वैवाहिक सफर पूरा करने के बाद रिश्तों की मजबूती का एक खास राज साझा किया है।
आर. माधवन और सरिता की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं मानी जाती। दोनों ने शादी से पहले करीब आठ साल तक एक-दूसरे को डेट किया था और फिर साल 1999 में शादी के बंधन में बंध गए। खास बात यह है कि सरिता कभी माधवन की स्टूडेंट थीं। कोल्हापुर में एक पब्लिक स्पीकिंग क्लास के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी और यहीं से दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
हाल ही में माधवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि पुरुष अक्सर अपनी पत्नी से कुछ भावनात्मक उम्मीदें रखते हैं, लेकिन उन्हें जाहिर करने में संकोच महसूस करते हैं। इस पोस्ट में पांच ऐसी बातें बताई गई थीं, जिन्हें पढ़कर सोशल मीडिया यूजर्स भी काफी प्रभावित हुए।
पोस्ट के मुताबिक, पुरुष चाहते हैं कि कभी-कभी उनकी पत्नी खुद रिश्ते में पहल करे, सार्वजनिक रूप से उनके काम और व्यक्तित्व की तारीफ करे, समय-समय पर प्यार जताती रहे और अपने मन की बात खुलकर शेयर करे। इसके अलावा पुरुष यह भी चाहते हैं कि उनकी पत्नी बाहरी दुनिया से ज्यादा उन्हें प्राथमिकता दे। माधवन की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे रिश्तों को समझने वाला एक परिपक्व नजरिया बता रहे हैं।
एक इंटरव्यू के दौरान भी आर. माधवन ने अपनी सफल शादीशुदा जिंदगी को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि हर रिश्ते में छोटी-मोटी बहस और मतभेद होते हैं, लेकिन सबसे जरूरी चीज सम्मान है। माधवन के मुताबिक, वह और सरिता एक-दूसरे का बेहद सम्मान करते हैं और यही उनके रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यह भी कहा कि सरिता उन्हें सिर्फ एक अभिनेता या स्टार के रूप में नहीं देखतीं, बल्कि एक सामान्य इंसान और बराबरी के साथी की तरह समझती हैं।
माधवन ने यह भी माना कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें सरिता जैसी जीवनसाथी मिली। अभिनेता का कहना था कि वह कभी भी अपनी पत्नी को स्पेशल महसूस कराने का मौका नहीं छोड़ते।
दोनों का बेटा वेदांत भी लगातार चर्चा में रहता है। हालांकि उसने अपने पिता की तरह फिल्मी दुनिया में कदम नहीं रखा। वेदांत ने खेल की दुनिया को चुना और आज वह एक उभरते हुए तैराक के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उसका सपना देश के लिए ओलंपिक मेडल जीतना है और परिवार भी उसे पूरी तरह सपोर्ट कर रहा है।
r madhavan reveals secret of happy married life after 26 years
वर्कफ्रंट की बात करें तो आर. माधवन लगातार अलग-अलग तरह की फिल्मों में नजर आ रहे हैं। हाल ही में वह ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में दिखाई दिए थे। आने वाले समय में वह ‘सर्कल’, ‘अल्फा’, ‘GDN’ और ‘अधीरष्टसाली’ जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं।
यह भी पढें.. टीवी अभिनेत्री आशका गोराडिया दूसरी बार बनीं मां, बेटे के नाम का भी किया खुलासा; पति ब्रेंट गोबल संग शेयर की खुशखबरी
लंबे समय से इंडस्ट्री में सक्रिय रहने के बावजूद आर. माधवन अपनी निजी जिंदगी को बेहद सादगी और संतुलन के साथ जीते हैं। शायद यही वजह है कि फैंस सिर्फ उनकी एक्टिंग ही नहीं, बल्कि उनके रिश्तों को निभाने के तरीके को भी खूब पसंद करते हैं।
