टीवी शो ‘पटियाला बेब्स’ से देशभर में पहचान बनाने वालीं अशनूर कौर (Ashnoor Kaur) अब अपनी इमेज से बिल्कुल अलग एक नए सफर पर निकल चुकी हैं। वह इस बार भारत के सबसे बड़े और चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 19 का हिस्सा बनी हैं। शो शुरू होने से पहले ही अशनूर ने साफ कर दिया कि वह सिर्फ ड्रामा या विवाद के लिए घर में नहीं जा रहीं, बल्कि यहां उनका असली मकसद दर्शकों का दिल जीतना और ट्रॉफी अपने नाम करना है।
क्यों चुना बिग बॉस?
Ashnoor Kaur बताती हैं कि अब तक उन्हें कई बार बिग बॉस का ऑफर आया, लेकिन शूटिंग और व्यस्त शेड्यूल की वजह से वह हर बार मना कर देती थीं। इस बार हालात अलग थे और उनके पास डेट्स भी खाली थीं। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि बिग बॉस उनके लिए पूरे देश में अपनी पहुंच बनाने का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है।
उनका कहना है, “मेरे लिए यह शो सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं, बल्कि खुद को एक नए अंदाज में पेश करने का मौका है। बिग बॉस में जाने से वही लोग डरते हैं जिनका कोई पास्ट होता है। मैं वहां मस्ती और सीखने के इरादे से जा रही हूं।”
इमेज बदलने का डर?
बिग बॉस हमेशा से एक कंट्रोवर्शियल शो माना जाता है। सवाल उठता है कि क्या इससे उनकी ‘क्लीन’ और ‘फैमिली ओरिएंटेड’ इमेज प्रभावित होगी? इस पर अशनूर का सीधा जवाब है, “देखिए, आखिर में जनता वही मानती है जो सच होता है। हां, कभी-कभी एडिटिंग से चीजें अलग नजर आ सकती हैं, लेकिन अगर आप जैसे हैं वैसे ही रहते हैं, तो लोग सच समझ ही लेते हैं।”
दोस्ती, प्यार या दुश्मनी – किस रिश्ते की तलाश?
Ashnoor Kaur खुद को एक फ्रेंडली और सोशल इंसान मानती हैं। उन्हें नए लोगों से मिलना और रिश्ते बनाना अच्छा लगता है। उनकी उम्मीद है कि घर के अंदर अगर उन्हें सच्ची दोस्ती मिलती है तो वे उसे शो खत्म होने के बाद भी निभाएंगी। दुश्मनी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह किसी से बिना वजह टकराव नहीं चाहतीं, लेकिन अगर कोई उन्हें उकसाता है तो चुप भी नहीं बैठेंगी।
परिवार और दोस्तों का रिएक्शन
जब Ashnoor Kaur ने अपने परिवार को बताया कि वह बिग बॉस का हिस्सा बनने जा रही हैं, तो सभी बेहद खुश हुए। उनके पापा जरूर थोड़े चिंतित थे, क्योंकि हमेशा से वे उन्हें लेकर प्रोटेक्टिव रहे हैं। लेकिन बाद में उन्होंने भी समझा कि यह उनके करियर के लिए एक बड़ा अवसर है और उन्होंने बेटी को पूरा समर्थन दिया।
सलमान खान से दोबारा मुलाकात
Ashnoor Kaur बचपन में ही सलमान खान से मिल चुकी हैं और उनके साथ दो बार स्क्रीन भी शेयर कर चुकी हैं। वह कहती हैं कि करीब 12–13 साल बाद फिर से सलमान से मिलना उनके लिए बेहद खास अनुभव होगा। हालांकि अभी तक सलमान ने उन्हें कोई सलाह नहीं दी है, लेकिन अगर आगे चलकर वे सुझाव देंगे तो वह उन्हें जरूर गंभीरता से लेंगी।
यह भी पढें.. ‘Kingdom’ Movie Review: विजय देवरकोंडा की ज़ोरदार वापसी, भावनाओं और एक्शन का जबरदस्त संगम
Ashnoor Kaur चाहती हैं कि शो के अंत में हेडलाइन यही हो— “अशनूर ने दिल भी जीता और शो भी।” उनकी नजर सिर्फ मनोरंजन पर नहीं बल्कि लोगों से कनेक्ट बनाने और खुद को एक नए आयाम में साबित करने पर है।
बिग बॉस 19 अशनूर कौर के करियर का एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। टीवी की संस्कारी इमेज से अलग, यहां वह अपने असली व्यक्तित्व को दर्शकों के सामने रख पाएंगी। साफ है कि अशनूर के लिए यह शो सिर्फ स्क्रीन टाइम नहीं बल्कि एक नई पहचान गढ़ने का मौका है।
यह भी पढें.. ‘war 2’ का धमाकेदार ट्रेलर: ऋतिक रोशन और कियारा आडवाणी के एक्शन-रोमांस ने जीता दिल, Jr NTR पर उठे सवाल
